करनाल, 26 अक्तूबर: करनाल के विधायक जगमोहन आनंद द्वारा प्रत्येक रविवार को चाय पर चर्चा कार्यक्रम निरंतर जारी है। इस रविवार को चाय पर चर्चा के 29वें संस्करण पर विधायक जगमोहन आनंद करनाल के नेहरू प्लेस में पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे और विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखी। उन्होंने बारी-बारी से समस्याओं को सुना और तत्काल इनके निवारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान बुढ़ापा पेंशन को लेकर एक महिला ने अपनी शिकायत रखी। इस पर संबंधित अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश विधायक जगमोहन आनंद ने दिए। कुछ कॉलोनीवासी अप्रूव्ड कॉलोनी करवाने की मांग को लेकर विधायक से मिले। इसके साथ-साथ कुछ ने कॉलोनी में सड़क निर्माण की मांग रखी। 
विधायक जगमोहन आनंद ने तत्काल इस संबंध में निगम अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ-साथ करनाल मंडी के प्रधान सुरेंद्र त्यागी भी विधायक से मिले। 
विधायक ने राईस मिलर से जुड़ी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि इस चाय पर चर्चा कार्यक्रम का मकसद ही यही है कि जिस भी आमजन की कोई समस्या है वह यहां आए और तत्काल उसकी समस्या का समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

रन फॉर यूनिटी में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा ले शहरवासी
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने के लिए 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेशभर में होगा, इसके साथ-साथ जिला स्तर पर करनाल में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में आमजन हिस्सा लें और राष्ट्रीय एकता के इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

हर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सीएम नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में करनाल में लगातार नए-नए प्रोजेक्ट का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जा रहा है। 
आमजन को कैसे अधिक से अधिक सुविधाएं दी जा सके, इस मकसद के साथ सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि करनाल में जब भी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल आते हैं, कोई न कोई विकास कार्य की सौगात देकर जाते हैं।