करनाल, 23 जुलाई:- करनाल जिला परिषद की चेयरपर्सन प्रवेश राणा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को भारी बहुमत से पारित हो गया। फ्लोर टेस्ट में मतदान करने पहुंचे 19 पार्षदों में से 17 ने उनके खिलाफ और केवल 2 ने उनके समर्थन में वोट दिया। इसके साथ ही प्रवेश राणा को चेयरपर्सन पद से हटा दिया गया। नए चेयरपर्सन के चुनाव तक उप चेयरपर्सन रीना कुमारी कार्यकारी चेयरपर्सन के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी। 
पार्षदों ने बताया कि चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया करीब छह-सात महीने पहले शुरू हुई थी। उनका आरोप है कि साढ़े तीन साल के कार्यकाल में अधिकांश वार्डों में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। 
कई बार बैठकों और अन्य माध्यमों से समस्याएं उठाने के बावजूद समाधान नहीं निकला, जिससे लोगों के बीच भी नाराजगी बढ़ी। पार्षद विनोद कश्यप ने आरोप लगाया कि ग्रांट के वितरण में भेदभाव किया गया, जिसके चलते अधिकांश पार्षद चेयरपर्सन से असंतुष्ट हो गए और अविश्वास प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया। 
जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार ने बताया कि नए चेयरपर्सन के चुनाव तक उप चेयरपर्सन कार्यकारी चेयरपर्सन के रूप में कार्य करेंगी। वहीं, रीना कुमारी के पति धीरज खरकाली ने कहा कि सभी पार्षदों को साथ लेकर समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे और सभी क्षेत्रों को बराबर प्राथमिकता दी जाएगी।