हांसी:– डीसी राहुल नरवाल ने 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर  विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया जाएगा। योग युक्त संदेश के साथ-साथ 12वां योग दिवस कार्यक्रम नशे पर प्रहार करेगा। योग दिवस कार्यक्रम में खेल विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, सामाजिक संस्थाओं के अलावा सभी वर्गों की भागीदारी होगी। उन्होंने बताया कि योग दिवस के प्रति जागरूकता के लिए योगा मैराथन का आयोजन किया जाएगा।  जिला स्तर के अलावा उप मंडल स्तर, ब्लॉक स्तर और प्रत्येक व्यायामशालाओं में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग दिवस स्वस्थ वृद्धावस्था, योगयुक्त -नशा मुक्त तथा हर घर योग-हर दिन योग थीम पर आधारित होगा। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से 12 वें योग दिवस कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि योग दिवस कार्यक्रमों में विशेषकर स्कूल शिक्षा विभाग, उच्चतर शिक्षा विभाग, खेल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग की भागीदारी रहेगी। इसके अलावा शहरी स्थानीय निकाय, पंचायत विभाग से जनप्रतिनिधियों के अलावा महिलाओं की बड़ी भागीदारी होगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि योग दिवस जागरूकता कार्यक्रमों में नशा मुक्ति  पर प्रकाश डाला जाए। उन्होंने बताया कि  जन प्रतिनिधियों के लिए योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
डीसी ने आयुष विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को लेकर योग शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों के अलावा खेल विभाग या शिक्षा विभाग से योग प्रशिक्षक तैयार किए जाएं, जो गांवों में स्थित व्यायामशालाओं में योग दिवस कार्यक्रमों में योगासन व प्राणायाम करवा सकें। डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि योग दिवस मनाने के  लिए नगराधीश हिमांशु चौहान को योग दिवस के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।