नगर निगम होशियारपुर शिकायतों का तुरंत समाधान कर रहा है: नगर निगम कमिश्नर

होशियारपुर- नगर निगम कमिश्नर डॉ. अमनदीप कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम शहरवासियों को शत-प्रतिशत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आम जनता की शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय में विशेष ‘शिकायत सेल’ की स्थापना की गई है।

इस सेल के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे ही व्हाट्सएप नंबर 94634-97791 और लैंडलाइन नंबर 01882-2220322 पर अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। इस प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित स्टाफ की भी तैनाती की गई है।
कमिश्नर डॉ. अमनदीप कौर ने बताया कि 11 जुलाई 2024 से अब तक इन नंबरों के माध्यम से कुल 640 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 629 शिकायतों का तुरंत समाधान किया गया है। इस कार्रवाई से पता चलता है कि नगर निगम की यह पहल न केवल जनता के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है, बल्कि शिकायतों के समाधान में भी देरी नहीं हो रही है। 
उन्होंने कहा कि इस पहल से आम जनता को नगर निगम कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ी और घर बैठे ही उनकी समस्याओं का समाधान हो गया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी भी समय इन नंबरों पर मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अपनी समस्याएं दर्ज करवाएं, ताकि उनका समाधान निर्धारित समय में किया जा सके।