स्वच्छता और योग होगा तो देश तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ेगा- नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 8 जून - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब देश में स्वच्छता और योग होगा तो देश तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ेगा। प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाकर 27 मई 2025 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की शुरुआत की गई है। 21 जून के प्रबंधन के लिए योग कक्षाएं शुरू हो गई हैं।

चंडीगढ़, 8 जून - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब देश में स्वच्छता और योग होगा तो देश तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ेगा। प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाकर 27 मई 2025 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की शुरुआत की गई है। 21 जून के प्रबंधन के लिए योग कक्षाएं शुरू हो गई हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जब संयुक्त राष्ट्र संघ में योग का प्रस्ताव रखा तो 177 देशों ने इस पर अपनी सहमति दी और हमारी धरती से निकला योग विश्व के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री ने योग पद्धति को पूरे विश्व में फैलाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम ऐतिहासिक और शानदार होगा। योग किसी एक व्यक्ति या एक विचार का कार्यक्रम नहीं है। योग हमारी पुरानी विचारधारा है। ऋषियों ने हमें योग और ध्यान का उपहार दिया है। योग करने से व्यक्ति स्वस्थ रहता है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज मल्टीआर्ट कल्चर सेंटर कुरुक्षेत्र के सभागार में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संस्थाओं के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों, व्यापारिक संगठनों व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाने का अनुरोध किया। उन्होंने पतंजलि योग पीठ से शहर के हर घर तक योग का निमंत्रण पहुंचाने को कहा। 
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग को देश व दुनिया में पहुंचाने का कार्य ऋषि स्वामी रामदेव ने किया है। भगवान श्री कृष्ण की भूमि कुरुक्षेत्र में 21 जून को बाबा रामदेव का आगमन कुरुक्षेत्र वासियों के लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम एक धरती, एक स्वास्थ्य है, जबकि हरियाणा सरकार ने इसे योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा से भी जोड़ा है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग छोटी-छोटी बीमारियों को ठीक करने के लिए दवा लेने भागते हैं, जबकि उन बीमारियों को योग से ठीक किया जा सकता है। इसलिए हम सभी को योग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हमें अपने युवाओं को नशे से बचाना है तो उन्हें योग को अपनाना होगा। योग हमारी इच्छाशक्ति को बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे 21 जून को अपनी नींद छोड़कर सुबह 4 बजे ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड पर पहुंचें और योग के इस महापर्व में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि वे इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे प्रमुखता से निभाने का काम करें।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ योग दिवस नहीं बल्कि मेला है। जिस तरह हम दिवाली, होली, भाई दूज जैसे त्यौहार मनाते हैं, उसी तरह इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भी मनाया जाना चाहिए।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए 103 सेक्टरों में बांटा गया क्षेत्र
इस कार्यक्रम के संबंध में बताया गया कि ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड को 103 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें से ब्रह्मसरोवर में 64 सेक्टर और मेला ग्राउंड व आसपास के क्षेत्रों में 37 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में एक हजार साधकों के योग करने की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने संस्थाओं, एनजीओ के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
मुख्यमंत्री ने सभागार में उपस्थित संस्थाओं, एनजीओ व अन्य लोगों को शपथ दिलाई कि वे अपने जीवन में योग, प्राणायाम व ध्यान को अवश्य अपनाएं, नशे से दूर रहें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इसके अलावा उन्होंने अपने परिवार, समाज व कार्यस्थल पर योग का प्रचार-प्रसार करने के लिए भी प्रेरित किया।

घर-घर से नागरिक कार्यक्रम में भाग लें-सुभाष सुधा
पूर्व राज्य संतरी श्री सुभाष सुधा ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम कुरुक्षेत्र के लोगों के लिए बहुत गर्व की बात है। यह कार्यक्रम पूरे विश्व में देखा जाएगा। उन्होंने वादा किया कि शहर के हर घर से नागरिक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से शहर में एक मेडिटेशन सेंटर खोलने की भी मांग की।

प्रदेश के 10 लाख योग साधक लगाएंगे हर्बल पौधे-डॉ. जयदीप आर्य
योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि 21 जून को योग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत कुरुक्षेत्र से की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10 लाख योग साधक हर्बल पौधे लगाएंगे तथा कुरुक्षेत्र में एक लाख से अधिक लोग एक साथ योग करके विश्व रिकार्ड बनाएंगे। 
इस अवसर पर उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतिश अग्रवाल, जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।