होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):-पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने कहा कि मोदी सरकार के बहुआयामी प्रयासों से भारत में एक ओर गरीबी में तेज गिरावट दर्ज हुई है, वहीं बेरोजगारी दर में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि बिजनेस स्टैंडर्ड में विश्व बैंक के हवाले से प्रकाशित एक रिपोर्ट में मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान भारत में घटती गरीबी और बेरोजगारी के आंकड़े प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की सफल नीतियों के कारण भारत की आर्थिक वृद्धि को मजबूती मिली है। इसके साथ ही खपत, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा में भी वृद्धि देखने को मिली है, जिसके परिणामस्वरूप 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत दर्ज की गई थी, जो 2023 में घटकर मात्र 2.6 प्रतिशत रह गई। इसी तरह, वर्ष 2014 से 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश में 17 करोड़ रोजगारों का सृजन किया गया है, जो वार्षिक औसतन 1.7 करोड़ रोजगार बनते हैं। बेरोजगारी दर 2015 में 7.6 प्रतिशत दर्ज की गई थी, जो उनके अनुसार 2015 में घटकर 4.2 प्रतिशत रह गई।
श्री सूद ने कहा कि इन आंकड़ों पर नजर डालने से पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर भारत की इस अभूतपूर्व उपलब्धि को विश्व बैंक ने अन्य विकासशील देशों के लिए सीखने योग्य बताया है, जो भारतवासियों के लिए अत्यंत गौरव की बात है।
