हांसी (दिनकर गावड़ी):- हरियाणा में लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी ने हांसी जिले के उमरा गांव में एक कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता एवं हांसी जिला प्रभारी बजरंग गर्ग ने की। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और गांव के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर देश और प्रदेश में वोट चोरी करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत करके सही मतदाताओं के वोट कटवाए और चुनाव में धांधली करके सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश का भविष्य निर्धारित करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को जागरूक करना, मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित करवाना तथा चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग को मजबूत करना है। लोकतंत्र में जनता की आवाज और उसके वोट का सम्मान होना चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
बजरंग गर्ग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती आई है। आज जरूरत है कि युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी और समाज का प्रत्येक वर्ग लोकतंत्र की मजबूती के लिए आगे आए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता सूची की जांच करने के लिए जागरूक करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है या उसमें कोई गलती है तो नियमानुसार उसे ठीक करवाएं।
उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब चुनाव निष्पक्ष हों, हर वोट का महत्व हो और जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का पूरा अधिकार मिले। इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल मक्कड़, तेलूराम जांगड़ा, सुमन शर्मा, पवन गोयल, किरण मलिक, मनोज राठी, जिला पार्षद मोहित मलिक, राजेश कासनिया, योगेंद्र योगी, मोहित सीहाल, युवा अध्यक्ष सोबिन भाटला, युवा ब्लॉक अध्यक्ष अजय बेरवाल, सतपाल मलिक, संदीप कुशवाहा, सत्यवान मलिक, गौरव सैनी, अशोक मलिक, अमित जुल्हा, पूर्व पार्षद सुभाष चावला, राजेंद्र बंसल, सुभाष चावला, राजेश कासनिया, कमलेश रंगा, कृष्ण सोरखी, डॉ. सतीश मंगल पुट्ठी, चिनु बत्रा सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
