हांसी, 7 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को स्थानीय सनातन धर्म महिला महाविद्यालय के सभागार में विकसित भारत सेवा संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इसमें विधायक विनोद भयाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु व जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, पंचायत समिति चेयरपर्सन विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा डीसी राहुल नरवाल उपस्थित रहे। विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के भाषण को भी लाइव सुनाया गया।
सभा के उपरांत विधायक विनोद भयाना ने सेवा ज्योति प्रज्वलित की और शहर में निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई क्रांतिकारी चौक के निकट पहुंची, जहां विधायक ने सेवा ज्योति मशाल स्थापित की।
विधायक विनोद भयाना ने अपने संदेश में कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के संकल्प, सहयोग और जिम्मेदारी से संभव होगा। सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमें अपने दैनिक जीवन में सेवा और राष्ट्रहित की भावना को अपनाते हुए शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लें।
विधायक विनोद भयाना ने कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देने, देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने, अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
सभा के बाद सनातन धर्म महिला महाविद्यालय से सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ हुआ। विधायक विनोद भयाना के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, नागरिकों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से गुजरने के दौरान जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जय के जयकारे लगाए, जिससे पूरा शहर देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।
यात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए क्रांतिकारी चौक के निकट पहुंची। यहां विधायक विनोद भयाना ने सेवा ज्योति मशाल को स्थापित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सेवा, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सेवा ज्योति यात्रा के दौरान शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह पुष्प वर्षा और भारत माता के जयकारों से यात्रा का स्वागत किया गया। क्रांतिकारी चौक पर सेवा ज्योति मशाल की स्थापना के साथ शहर में सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, उपायुक्त राहुल नरवाल, एसडीएम राजेश खोथ, भाजपा जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनू सिहाग डाटा, प्रदेश प्रवक्ता नेहा धवन, जिला उपाध्यक्ष जयवीर माजरा, मार्केट कमेटी प्रधान दिनेश धवन, ब्लॉक समिति अध्यक्षा शीला यादव, भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, विजेंद्र लोहान, पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव, राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, नारनौंद नगर पालिका प्रधान शमशेर लोहान, मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना, गोल्डी सैनी, विजय सैनी, देव शर्मा, ओमपाल, वजीर सिंह, कार्यक्रम संयोजक विनोद चानत, विनोद सैनी, नवीन ठाकुर, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक ढालिया, भाजपा जिला प्रवक्ता रामफल बूरा, श्याम खांडा, मनजीत जांगड़ा, सोनू जांगड़ा, अमित मोर, अनूप मोर, विनोद कुलाना, राहुल नागपाल, विपिन ढांडा, आलोक इंदौर, अंकित नरवाल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
