लुधियाना, 17 अक्तूबर, 2026:- गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना के कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस के वेटरनरी सर्जरी एंड रेडियोलॉजी विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने वेटरनरी सर्जरी एंड रेडियोलॉजी की पहली राष्ट्रीय ऑनलाइन क्लिनिकल केस संगोष्ठी के छह सत्रों में सात पुरस्कार प्राप्त किए।
डॉ. इंदर पाल सिंह, डॉ. चैतन्य मोहिंदरू, डॉ. अर्जुन एस. और डॉ. अमृता लक्ष्मी के. ने क्रमशः घोड़ों की सर्जरी, छोटे पशुओं की सॉफ्ट टिश्यू सर्जरी, पक्षियों, विदेशी जीवों, वन्यजीवों और जुगाली करने वाले पशुओं की सर्जरी की विभिन्न श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किए। डॉ. इंदर पाल सिंह और डॉ. अवनीत जस्सल ने घोड़ों की सर्जरी और कैंसर सर्जरी में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि डॉ. मुस्कान ठाकुर ने जुगाली करने वाले पशुओं की सर्जरी में तीसरा स्थान हासिल किया।
विभाग के कुल 13 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। इस संगोष्ठी ने वेटरनरी सर्जरी और रेडियोलॉजी के विभिन्न क्षेत्रों में क्लिनिकल मामलों को प्रस्तुत करने और उन पर चर्चा करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण आनंद ने स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में क्लिनिकल तर्क क्षमता, वैज्ञानिक संवाद और सर्जरी संबंधी निर्णय लेने के कौशल को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को पेशेवर मंचों पर अधिक भागीदारी करने, अपने ज्ञान का विस्तार करने और वेटरनरी विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे विकास के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस के डीन डॉ. स्वर्ण सिंह रंधावा ने विद्यार्थियों को बधाई दी और आत्मविश्वास बढ़ाने तथा स्नातकोत्तर प्रशिक्षण को बेहतर बनाने में ऐसी शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के महत्व पर जोर दिया। यह उपलब्धि वेटरनरी सर्जरी और रेडियोलॉजी में क्लिनिकल उत्कृष्टता, वैज्ञानिक प्रस्तुति और गुणवत्तापूर्ण स्नातकोत्तर शिक्षा के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
