लुधियाना, 9 नवंबर 2026:- गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज विश्वविद्यालय, लुधियाना के पशु पोषण विभाग द्वारा पंजाब और पड़ोसी राज्यों के डेयरी किसानों के लिए “पशु आहार तकनीकों” पर पांच दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में फीड निर्माताओं और डेयरी किसानों सहित लगभग 17 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

समापन समारोह के दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. जसपाल सिंह हुंदल ने पशुओं की उत्पादकता और लाभप्रदता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक आहार पद्धतियों तथा आधुनिक पोषण तकनीकों को अपनाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को डेयरी किसान समुदाय के लाभ के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विकसित तकनीकों और परामर्श सेवाओं का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. उदेवीर सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम संतुलित राशन तैयार करने, स्थानीय रूप से उपलब्ध चारा संसाधनों का उचित उपयोग करने तथा पशुओं के स्वास्थ्य, दूध उत्पादन और फार्म की समग्र लाभप्रदता में सुधार के लिए आधुनिक आहार तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में खनिज पोषण, चारा विश्लेषण, यूरिया-मोलासेस-मिनरल ब्लॉक, बाईपास फैट तकनीक, संतुलित राशन तैयार करना, साइलेज और सूखी घास बनाना, चारा परीक्षण, अफ्लाटॉक्सिन प्रबंधन, खनिज मिश्रण तैयार करना, फीड मिल मशीनरी और फसल अवशेषों का यूरिया से उपचार करने संबंधी व्याख्यान तथा व्यावहारिक प्रदर्शन शामिल थे।

कार्यक्रम का समन्वय डॉ. हरनीत कौर और डॉ. जुਝार सिंह सिद्धू ने किया। विभाग के शिक्षकों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जानकारी दी और व्यावहारिक प्रदर्शन किए। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के व्यावहारिक स्वरूप की सराहना की और विश्वास जताया कि प्राप्त ज्ञान उन्हें डेयरी उत्पादकता और लाभप्रदता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक आहार पद्धतियां अपनाने में मदद करेगा।