चंडीगढ़, 15 नवंबर:- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई के दौरान अंग्रेजों ने जिन क्रांतिकारियों को पेड़ों से लटकाकर गोलियां मारीं, जिन पर कोल्हू चलवाए और जिनके पूरे-पूरे गांव जला दिए, ऐसे सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों की आत्मा की शांति के लिए आज शहीद स्मारक में हवन-यज्ञ किया गया है। आज से ही शहीद स्मारक जनता के लिए खोल दिया गया है। लोग स्मारक में आकर शहीदों की कुर्बानियों की गाथाएं देख सकते हैं।

श्री विज रविवार को अंबाला छावनी में 1857 की आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक में हवन-यज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 1857 की आजादी की लड़ाई कांग्रेस के गठन से 28 वर्ष पहले पूरे देश में लड़ी गई थी, लेकिन उसके इतिहास को भुला दिया गया। उन शहीदों की स्मृति में अंबाला छावनी में एक भव्य शहीद स्मारक बनाया गया है और देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह ने 5 नवंबर को इसका लोकार्पण किया था। यह लड़ाई अंबाला छावनी से शुरू हुई थी और पूरे देश में ऐसा एक भी स्मारक नहीं है, जिसमें आजादी की पहली लड़ाई के सभी शहीदों को दर्शाया गया हो।

उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक में 23 गैलरी हैं और इसे देखने में लगभग छह घंटे लगते हैं। यहां रात को लाइट एंड साउंड शो भी दिखाया जाएगा। इसमें एक ऐसी विशेष गैलरी बनाई गई है, जहां हर दर्शक को अवश्य जाना चाहिए। यह वह गैलरी है, जहां सभी शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा सकेगी। यहां ऐसी व्यवस्था की गई है कि श्रद्धांजलि देने वाले व्यक्ति का नाम भी दर्ज होगा। उन्होंने यहां आने वाले लोगों से अपील की कि वे इस गैलरी में अवश्य जाएं और शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस शहीद स्मारक के निर्माण पर लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। अभी ट्रायल रन किया जा रहा है, इसलिए एक दिन में केवल 500 लोगों को शहीद स्मारक में जाने की अनुमति दी गई है। आज से यानी 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक बुकिंग करवाने वालों के लिए प्रवेश निःशुल्क है। ऑनलाइन बुकिंग भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले हुई बुकिंग में कुछ लोगों ने बिना आधार कार्ड के बुकिंग कर दी थी, इसलिए उसे रद्द कर दिया गया और उनके स्लॉट खाली हो गए। अब आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। बिना आधार कार्ड के अब बुकिंग नहीं होगी। इस महीने की कुछ सीटें खाली हुई हैं। इच्छुक लोग उनमें बुकिंग कर सकते हैं और जल्द ही शुल्क वाली बुकिंग भी शुरू कर दी जाएगी।

ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हम चाहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जिस नए इतिहास को सामने लाने का काम किया है, उसे आने वाली पीढ़ी को अवश्य दिखाया जाए, क्योंकि पहले इनके बारे में गलत ही पढ़ाया जाता था। शहीदों के बारे में कभी बताया ही नहीं गया। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए जिसने भी अपने घर से एक कदम बाहर निकाला, वे उसके चरण स्पर्श करते हैं। लेकिन जिन्हें भुला दिया गया, उनकी स्मृति में यह स्मारक बनाया गया है। वे चाहते हैं कि युवा पीढ़ी इसे अवश्य देखे। हमने सरकार को भी लिखकर दिया है कि सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के बच्चों को यह स्मारक दिखाने की व्यवस्था की जाए।

इसके बाद श्री विज ने संग्रहालय में जाकर टिकटिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और यहां आजादी की पहली लड़ाई यानी अंबाला से शुरू हुई स्वतंत्रता क्रांति पर आधारित फिल्म देखी। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म श्री अनिल विज ने स्वयं बनवाई है। इस फिल्म में दर्शाया गया है कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंबाला से जुड़ी एक घटना में 135 लोग मारे गए थे, जिनमें 33 बंदी थे।

श्री विज ने कहा कि आज हम जिस आजादी की सांस ले रहे हैं, वह इन शहीदों की बदौलत है, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी। यह भव्य स्मारक शहीदों को समर्पित है।

शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने बताया कि आज स्मारक खुलने के बाद पहले स्लॉट में पहुंचे दर्शकों का फूल भेंट करके स्वागत किया गया। आगे भी निर्धारित स्लॉट के अनुसार दर्शकों को शहीद स्मारक दिखाने का कार्य किया जाएगा।