करनाल, 12 नवंबर (प्रवीण वालिया):- करनाल जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-3 प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार की टीम ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि थाना सदर करनाल में दर्ज मुकदमा नंबर 765, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के तहत जांच के दौरान पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार पिंगली चौक, करनाल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रताप सिंह पुत्र जोगिंद्र सिंह, निवासी गांव मैहमल, थाना निसिंग, जिला करनाल तथा सरबजीत सिंह पुत्र बंता सिंह, निवासी गांव बांसा, थाना निसिंग, जिला करनाल के रूप में हुई है।
अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि उक्त मामले में पुलिस द्वारा पहले चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनसे की गई प्रारंभिक पूछताछ के दौरान सामने आया कि गुरप्रताप सिंह और सरबजीत सिंह भी इस मामले में शामिल थे तथा उनसे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
