पट्टी:- पट्टी के खेामकरण चुंगी के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव शाहबाजपुर के पांच युवक कार में सवार होकर एसजीआई पैलेस में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे। शादी समारोह से अपने गांव लौटते समय जब वे पट्टी के खेामकरण चुंगी के पास पहुंचे तो उनकी कार सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार गुरविंदर सिंह (48), पुत्र हरभजन सिंह और सुखजिंदर सिंह, पुत्र निरवैर सिंह, निवासी गांव शाहबाजपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में हरमन सिंह और सरनपाल सिंह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए संधू अस्पताल में भर्ती कराया गया। सरनपाल सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इसके अलावा अरश सिंह को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पट्टी थाना प्रभारी विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दर्दनाक हादसे के कारण गांव शाहबाजपुर और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
