रतिया, 7 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- पी.एल. जिंदल कॉन्वेंट स्कूल में दीपावली के शुभ अवसर पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को मेहनती, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर बनने का तरीका सिखाने के लिए स्कूल के सभी सदनों की ओर से विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल लगाए गए। इसके साथ ही बच्चों को मार्केटिंग और व्यापार से संबंधित दांव-पेच भी सिखाए गए। सभी सदनों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

कक्षा नर्सरी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 'कक्षा सजाओ' और 'रंगोली सजाओ' प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इस शुभ अवसर पर स्कूल प्रबंधन के सदस्य तरसेम जिंदल और मोहन जैन जी ने बच्चों तथा अध्यापकों को संबोधित करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार को प्रेम एवं शांति के साथ मनाने का संदेश दिया।

प्रिंसिपल मोना तनेजा ने इस अवसर पर संदेश देते हुए कहा कि अपने घर को साफ और पवित्र करने के साथ-साथ अपने मन को भी स्वच्छ और पवित्र बनाएं। स्वार्थपरता से दूर रहकर सभी के साथ मिल-जुलकर इस पवित्र त्योहार को मनाएं। उन्होंने पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने की भी सलाह दी।