करनाल, 12 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा इनमें संलिप्त आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी ऑटो थेफ्ट सीआईए-1 करनाल की टीम ने प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुरेश गहलावत के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की अलग-अलग वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को नई अनाज मंडी के नजदीक से काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पुत्र बलवान सिंह तथा निशान पुत्र नरेश चंद, निवासी गांव फुरलक, जिला करनाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें 24 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-32/33 के क्षेत्र से तथा 5 नवंबर 2026 को सरकारी अस्पताल घरौंडा से मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात शामिल है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

आज पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।