करनाल, 30 सितंबर:- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण व निर्माण करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना असंध पुलिस की टीम ने बिना वैध लाइसेंस एवं परमिट के अवैध रूप से पटाखे रखने व बनाने के मामले में दो आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से 74 पेटी तैयार बम तथा बम बनाने की सामग्री बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
इस संबंध में डीएसपी असंध श्री गोरखपाल राणा के नेतृत्व में थाना असंध प्रबंधक निरीक्षक राजेश कुमार व उनकी पुलिस टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि वार्ड नंबर 10, असंध के पास स्थित विनोद गुप्ता पुत्र नंदू के मकान में बिना किसी वैध लाइसेंस एवं परमिट के भारी मात्रा में अवैध रूप से तैयार पटाखे रखे हुए हैं और वहां पटाखे बनाए भी जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के उपरांत पुलिस टीम ने तत्परता से दबिश देकर मौके से दो आरोपियों को काबू किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमनदीप पुत्र जगतार सिंह, निवासी वार्ड नंबर 10, असंध तथा अजय पुत्र कर्मा, निवासी गाँव बाहरी, जिला करनाल के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा आरोपियों से विस्फोटक सामग्री व पटाखे रखने अथवा तैयार करने संबंधी वैध लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस टीम द्वारा मकान की गहनता से तलाशी लेने पर मौके से 74 पेटी तैयार बम तथा बम बनाने का कच्चा माल व उपकरण बरामद किए गए। बरामद सभी विस्फोटक सामग्री को पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में लेकर सील कर दिया।
इस संबंध में थाना असंध में विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से इस अवैध कारोबार के नेटवर्क और सप्लाई चेन के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की आगामी तफ्तीश जारी है।
