रतिया, 19 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंदर):- शहीद देविंद्र सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, रतिया में देश की आन, बान और शान की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले रतिया क्षेत्र के प्रथम शहीद देविंद्र सिंह के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित शहीदी चेतना सप्ताह के अंतर्गत श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य सुरेंद्र सभरवाल, स्टाफ सदस्यों और छात्राओं ने शहीद देविंद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
बीए अंतिम वर्ष की छात्रा मुस्कान कौर ने शहीद देविंद्र सिंह के जीवन, संघर्ष, वीरता और देश के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र के इतिहास में सदैव अमर रहता है। उनका जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यकारी प्राचार्य सुरेंद्र सभरवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। हमें शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. बीरबल सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं को शहीद देविंद्र सिंह की राष्ट्रभक्ति, साहस और देश के प्रति अटूट समर्पण से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को जीवित रखना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर डॉ. विष्णु राम, प्रो. गुरपिंदर सिंह, डॉ. बलकार, डॉ. सैन कुमार, डॉ. स्वाती, प्रो. बिंदु, डॉ. सज्जन, अन्य स्टाफ सदस्य और महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
