रतिया,20 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर ) खालसा त्रिशताब्दी राजकीय महाविद्यालय, रतिया में शहीदी चेतना सप्ताह के अंतर्गत रतिया क्षेत्र के प्रथम शहीद देवेंद्र सिंह के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को क्षेत्र के वीर सपूत के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च समर्पण से परिचित करवाना था।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य सर्वजीत सिंह, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने शहीद देविन्द्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विद्यार्थी योगेश ने शहीद देवेंद्र सिंह की जीवनी का वाचन किया। उन्होंने उनके जीवन परिचय, वीरता, संघर्ष तथा देश की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान से उपस्थित जनों को अवगत करवाया।

महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य सर्वजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद देविन्द्र सिंह का बलिदान पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों के योगदान को जानें तथा उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर प्रो. अमनदीप सिंह, प्रो. भारत कुमार, प्रो. रोहित कुमार, डॉ. प्रिया, पूजा घोघा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।