रतिया, 21 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत मंडेर):- शहीद देविंद्र सिंह यादगारी ट्रस्ट, रतिया की ओर से सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल मड़ में शहीद देविंद्र सिंह की स्मृति को समर्पित विशेष शहीदी चेतना समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अजीत सिंह ने की।

इस अवसर पर ट्रस्ट सदस्य जगवंत सिंह बडिंग ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए ट्रस्ट द्वारा पिछले 25 वर्षों से आयोजित किए जा रहे शहीदी चेतना सप्ताह की गतिविधियों और उद्देश्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए नई पीढ़ी में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जनकल्याण की भावना जागृत करना है।

समारोह के दौरान शहीद देविंद्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा श्वेता ने शहीद देविंद्र सिंह के जीवन और बलिदान के बारे में जानकारी दी। आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य अजीत सिंह ने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों के कारण ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर देश, समाज और मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में चेतना रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने ‘पर्यावरण बचाओ, जिंदगी बचाओ’ और ‘नशा भगाओ, जिंदगी बचाओ’ जैसे बुलंद नारों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण तथा नशामुक्ति का संदेश दिया। रैली के नारों से पूरा वातावरण जागरूकता और सामाजिक चेतना के संदेश से गूंज उठा।

इस अवसर पर प्राचार्य अजीत सिंह, जगवंत सिंह बडिंग, सुभाष चंद्र, अमित कुमार, रमन, अनु शर्मा, सतवीर कौर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।