लालड़ू, 12 नवंबर (संजीव सिंह सैनी):- पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज हलका डेराबस्सी के लालड़ू से दो और गांव अमलाला से एक बस सहित कुल तीन बसों को श्रद्धालुओं के जत्थों के साथ श्री अमृतसर साहिब के पवित्र दर्शनों के लिए रवाना किया गया।
इस मौके पर विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार की यह पहल बुजुर्गों और श्रद्धालुओं के लिए बेहद लाभदायक साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की सरकार लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए हर वर्ग की सुविधा के लिए लगातार काम कर रही है।
विधायक रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है और पंजाब सरकार की इस पहल को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस मौके पर नगर काउंसिल प्रधान स. जोरावर सिंह, सरपंच स. हरनिंदर सिंह, ब्लॉक प्रधान महिला विंग श्रीमती कुलवंत कौर और आम आदमी पार्टी के नेता स. सतवंत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
