चंडीगढ़, 15 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से हमें कर्म, कर्तव्य और लोक कल्याण का मार्ग दिखाया, वहीं भगवान बिरसा मुंडा ने अपने जीवन और संघर्ष से हमें आत्मसम्मान, एकता तथा अपनी धरती और संस्कृति की रक्षा का संकल्प दिया। इन दोनों महान विभूतियों के संदेश हमें सिखाते हैं कि सच्चा जीवन वही है, जो अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठावान हो और समाज के हित में समर्पित हो।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात रविवार को पंचकूला में ‘श्री कृष्ण कृपा धाम’ के भवन का शिलान्यास करने तथा जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के राज्यस्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण कृपा धाम के निर्माण कार्य के लिए 31 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री कृष्ण कृपा धाम के रूप में पंचकूला की इस पवित्र धरती पर केवल एक भवन की ही नहीं, बल्कि ऐसे आध्यात्मिक केंद्र की नींव रखी जा रही है, जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, सेवा, समर्पण और श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ईंट और पत्थर से बनने वाला यह भवन श्रद्धा और संस्कारों के बल पर एक तीर्थ के रूप में विकसित होगा।


गीता का ज्ञान चिंताओं को समाप्त करता है:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार गीता के संदेश को कुरुक्षेत्र से अब विश्व के घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है, जिसमें गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का उल्लेखनीय सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब हम भविष्य को लेकर चिंतित होते हैं, तब श्रीमद्भगवद्गीता हमें धैर्य, विवेक और कर्म करने की प्रेरणा देती है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि इस धाम से निकलने वाला आध्यात्मिक संदेश पंचकूला से पूरे हरियाणा और देशभर में फैले।


प्रधानमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस को राष्ट्रीय पहचान दिलाई:

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाई। वर्ष 2021 से हर साल 15 नवंबर को यह दिवस मनाया जा रहा है, ताकि जनजातीय वीरों के बलिदान और जनजातीय समाज के योगदान को पूरे देश के सामने सम्मानपूर्वक याद किया जा सके। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।


बिरसा मुंडा का संघर्ष इतिहास में दर्ज:

मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, आत्मसम्मान और अपनी धरती तथा संस्कृति की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। मात्र 25 वर्ष की छोटी आयु में भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध उनका संघर्ष इतिहास में दर्ज है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि साहस केवल हथियार उठाने में नहीं, बल्कि अपने लोगों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य के लिए निडर होकर खड़े होने में भी है। उन्होंने समाज सुधारक के रूप में नशे, अंधविश्वास और कुरीतियों के विरुद्ध आवाज बुलंद की और फिर ‘हमारी धरती, हमारा राज’ का नारा देकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए महाविद्रोह का नेतृत्व किया।


बिरसा मुंडा ने गीता को जीवन में उतारकर दिखाया:

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हम भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को गहराई से देखें, तो पता चलता है कि उन्होंने गीता की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारकर दिखाया और गीता के संदेश के अनुसार कर्म तथा कर्तव्य को प्राथमिकता दी। इसी कारण उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कम उम्र में ही अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाकर जनजातीय समाज में जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना जगाई। आज देश के हर किसान, आदिवासी और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने वाले हर युवा के भीतर भगवान बिरसा मुंडा जीवित हैं।


प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे:

इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मेयर एवं श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट के संरक्षक श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता दुग्गल, बाबा भूपिंदर, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी.बी. भारती, विशेष शिकायत निवारण अधिकारी श्री भोपाल सिंह खदरी, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, श्री एस.पी. सिंगला, श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।