पटियाला, 17 नवंबर (मनप्रीत सिंह):- पाखंडी बाबाओं, तांत्रिकों, ज्योतिषियों और भविष्य बताने का दावा करने वालों की बढ़ती गैरकानूनी एवं गैर-सामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए तर्कशील सोसायटी पंजाब के पटियाला जोन के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जिले की अतिरिक्त उपायुक्त सुश्री अनुप्रीता जौहल को मांगपत्र सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में सतीश कुमार आलोवाल, राम कुमार ढक्कड़बा, राम सिंह बंग, थान सिंह, जागन सिंह और गुरबचन सिंह शामिल थे।
मांगपत्र के बारे में अधिक जानकारी देते हुए जोन के मीडिया प्रभारी राम सिंह बंग ने बताया कि तर्कशील सोसायटी पंजाब पिछले 42 वर्षों से संविधान के अनुच्छेद 51ए (एच) के तहत समाज से अंधविश्वास समाप्त करने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रयासरत है। लेकिन अनेक स्वयंभू बाबाओं, साधुओं, तांत्रिकों और ज्योतिषियों ने विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे लोगों को पूजा-पाठ की आड़ में मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से खुलेआम लूटा है।
इस मांगपत्र के माध्यम से तर्कशील सोसायटी पंजाब के पटियाला जोन ने प्रशासन से ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। साथ ही उम्मीद जताई है कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात की तर्ज पर पंजाब में भी जल्द अंधविश्वास विरोधी कानून बनाकर लागू किया जाएगा। सोसायटी ने प्रिंट मीडिया और टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित किए जा रहे गैरकानूनी एवं अवैज्ञानिक विज्ञापनों को तत्काल बंद करवाने की भी मांग की है।
