चंडीगढ़, 16 अक्टूबर:- स्वीडन में रहने वाले सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया हाउस में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री की स्वीडन यात्रा पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मुख्यमंत्री से मिलकर काफी खुश दिखाई दिए। दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें हरियाणा में निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि हरियाणा निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा की। प्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विकास और रोजगार के क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री की इस यात्रा को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री का स्वीडन आना और निवेश तथा रोजगार के क्षेत्र में काम करना देश और समाज के लिए एक सकारात्मक पहल है। यह प्रयास न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी लाभकारी साबित होगा। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। दोनों पक्षों ने भविष्य में सहयोग बढ़ाने और आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई।