नवांशहर (देस राज बाली):- रेडक्रॉस नशा पीड़ितों के लिए एकीकृत पुनर्वास केंद्र, नवांशहर की ओर से “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गांव पल्लियां झिक्की (नवांशहर) में नशा विरोधी जागरूकता शिविर और तंबाकू विरोधी जागरूकता शिविर लगाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सतवीर सिंह (प्रिंसिपल) ने की।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर स. चमन सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि छोटी उम्र में ही कुछ विद्यार्थी कूल लिप, सिगरेट, बीड़ी और स्टिंग जैसे एनर्जी ड्रिंक से शुरुआत करते हुए आगे चलकर हेरोइन जैसे नशों की दलदल में फंस जाते हैं, जो भविष्य में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
उन्होंने देश में चल रहे नशामुक्त भारत अभियान और “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम की जानकारी देते हुए बताया कि इन अभियानों के तहत लाखों-करोड़ों युवाओं का उपचार किया जा रहा है और युवा नशों से छुटकारा पा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे कभी भी तंबाकू या किसी नशीले पदार्थ का सेवन न करें। उन्होंने विद्यार्थियों को “नशामुक्त मित्र” बनने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के तहत सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने नशों से दूर रहने की शपथ ली।
इस अवसर पर काउंसलर श्रीमती कमलजीत कौर ने केंद्र की गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यदि कोई भी नशे का आदी व्यक्ति अपना उपचार करवाना चाहता है तो वह एक महीने के लिए केंद्र में भर्ती होकर मुफ्त इलाज करवा सकता है।
प्रिंसिपल श्री सतवीर सिंह ने भी नशों से दूर रहने के संबंध में अपने विचार रखे और रेडक्रॉस टीम का स्कूल पहुंचने पर धन्यवाद किया। लखविंदर सिंह ने मंच संचालन की जिम्मेदारी बखूबी निभाई।
इस अवसर पर प्रवेश कुमार, स्कूल स्टाफ सदस्य हरजीत सिंह, जसपाल सिंह, प्रदीप कुमार, सतविंदर कौर, चरणजीत कौर, सुषमा लता, मनजीत कौर, अमरजीत कौर, सुखदीप कौर, कमल कौर, परमिंदर कुमार और विद्यार्थी उपस्थित थे।
