ऊना, 20 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की ओर से शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चुरड़ी (बंगाणा) और लोहारा (अंब) में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को कानूनी अधिकारों, नशे से बचाव और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया गया।
लोहारा स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। नालसा की ‘मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों को न्याय तक पहुंच संबंधी योजना, 2025’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभावित लोगों के अधिकारों और कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, साइबर अपराधों और नालसा की डॉन योजना के बारे में भी बताया गया।
चुरड़ी स्कूल में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के 14 से 27 नवंबर तक चल रहे ‘डॉन’ (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन) पखवाड़े के तहत कार्यक्रम हुआ। पैनल अधिवक्ता नीरज कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों, इसकी शुरुआती पहचान और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नशे से बचाने में अभिभावकों की भूमिका के साथ साइबर धोखाधड़ी और अपराधों से सतर्क रहने के बारे में भी बताया।
