हांसी (दिनकर गावड़ी):- बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल, हांसी में शनिवार को शिक्षकों के लिए ‘तनाव प्रबंधन’ विषय पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को दैनिक जीवन की व्यस्तताओं और मानसिक तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय सिखाना था, ताकि वे शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रख सकें। कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में दिल्ली पब्लिक स्कूल, हिसार की कनिका और आर्यन पब्लिक स्कूल, रोहतक की उपप्रधानाचार्या श्वेता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या लवली चावला, प्रशासक प्रवीण चुघ और अकादमिक समन्वयक पवन रावल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान कनिका और श्वेता ने शिक्षकों को मानसिक तनाव के कारणों, लक्षणों और उससे बाहर निकलने की प्रभावी तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संवादात्मक गतिविधियों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कठिन परिस्थितियों में मन को शांत कैसे रखा जाए।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या लवली चावला ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में मानसिक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शारीरिक स्वास्थ्य। उन्होंने शिक्षकों को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और संतुलित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन और योग-ध्यान जैसी आदतें एकाग्रता बढ़ाने में सहायक साबित होती हैं।
कार्यशाला के अंत में विद्यालय प्रशासन ने प्रशिक्षकों का बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
