दिड़बा, 17 नवंबर:- पंजाब सरकार द्वारा आयोजित की जा रही ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन के तहत नेशनल स्टाइल कबड्डी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आज दिड़बा में शुरू हुईं। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही ने शहीद बचन सिंह स्टेडियम के परिसर में लगभग 7.20 करोड़ रुपये की लागत से बने नए इंडोर स्टेडियम के बाहर गुब्बारे छोड़कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस इंडोर स्टेडियम में पहली बार आयोजित की जा रही इन प्रतियोगिताओं में पंजाब के सभी जिलों से विभिन्न वर्गों में लड़कों और लड़कियों की टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट 23 नवंबर को संपन्न होगा।

उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए तपिंदर सिंह सोही ने कहा कि कबड्डी के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचाने जाने वाले दिड़बा को इस बार भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि यह इंडोर स्टेडियम ओलंपियन और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मुक्केबाज कौर सिंह तथा अंतरराष्ट्रीय कबड्डी कोच गुरमेल सिंह की स्मृति में बनाया गया है। स्टेडियम में एक ही समय पर 11 खेलों के आयोजन की सुविधा है और यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच भी करवाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम से क्षेत्र के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करने का अवसर मिलेगा।

श्री सोही ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों में खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 6,000 स्टेडियम बनाए गए हैं और पंजाब के लगभग हर तीसरे गांव में स्टेडियम की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल मैदान तैयार करने का उद्देश्य युवाओं को अपने गांवों में ही अभ्यास की सुविधा देना, उन्हें खेलों से जोड़ना और नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे खिलाड़ियों को बधाई देते हुए श्री सोही ने उन्हें खेल भावना के साथ खेलने और अपने प्रदर्शन से अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न जिलों की टीमों के साथ खेलने का अनुभव खिलाड़ियों को अगले स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में मददगार साबित होता है।

जिला खेल अधिकारी नवदीप सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचने पर तपिंदर सिंह सोही का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेलों के संबंध में जारी निर्देशों और सरकार की खेल पहलों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चे और युवा खेल गतिविधियों में भाग ले सकें।

इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट संगरूर के चेयरमैन प्रीतम सिंह पीतू, चेयरपर्सन जसवीर कौर शेरगिल, नगर पंचायत दिड़बा के अध्यक्ष मनिंदर सिंह घुम्मन, शहरी अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग, हलका स्पोर्ट्स वेलफेयर के चेयरमैन सतपाल खडियाल, ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन मनजीत कौर तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और स्थानीय निवासी उपस्थित थे।