पटियाला, 17 नवंबर (परमजीत सिंह परवाना):- खेलों वतन पंजाब दियां 2026 के तहत जिला पटियाला में राज्य स्तरीय लॉन टेनिस और वॉलीबॉल स्मैशिंग प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हो गया है। पटियाला के पोलो ग्राउंड में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) अनुप्रीता जौहल ने खेलों का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर पंजाब खेल विभाग की पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जसवीरपाल कौर बराड़ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास, शारीरिक तंदुरुस्ती और अनुशासन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। खेलों की जानकारी देते हुए जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह धालीवाल ने बताया कि ये प्रतियोगिताएं विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की जा रही हैं, जिनमें पंजाब के अलग-अलग जिलों से खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि वॉलीबॉल स्मैशिंग के अंडर-17 लड़कों के मुकाबलों में फाजिल्का की टीम ने मोगा को 2-0 से हराया। इसी तरह एसबीएस नगर की टीम ने तरनतारन को और श्री फतेहगढ़ साहिब की टीम ने फिरोजपुर को 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अंडर-14 लड़कों के मुकाबलों में मोहाली की टीम ने फरीदकोट को, अमृतसर की टीम ने मलेरकोटला को, पठानकोट की टीम ने मोगा को और बठिंडा की टीम ने जालंधर को हराया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, कोचों, खेल विभाग के अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित कई लोग उपस्थित रहे।
खेडां वतन पंजाब दियां के तहत राज्य स्तरीय लॉन टेनिस और वॉलीबॉल स्मैशिंग प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
