नंगल/ऊना, 21 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- एस एस आर वी एम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नया नंगल में अंतरविषयक प्रदर्शनी ‘इनोविस्टा-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चे आकर्षक पोशाकें पहनकर आए, जिससे कार्यक्रम की रौनक और बढ़ गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित अनेक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जगदीप सिंह दुआ, प्रोफेसर एवं प्रधानाचार्य, डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज, शिवालिक कॉलेज ऑफ फार्मेसी, नंगल उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके तथा सरस्वती वंदना के साथ किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, प्रदूषण नियंत्रण, विज्ञान और मानव जीवन, डिजिटल भारत, विज्ञान की अद्भुत खोजों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), प्लास्टिक मुक्त भारत, आधुनिक भारत में विज्ञान की भूमिका, पंजाबी सभ्याचार, हिंदी भाषा एवं साहित्य, अंग्रेजी भाषा तथा खेल जगत से संबंधित अनेक आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए।

विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए क्रियाशील एवं संवादात्मक मॉडलों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, विभिन्न विषयों की व्यावहारिक समझ तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करने की क्षमता का परिचय दिया। मुख्य अतिथि डॉ. जगदीप सिंह दुआ ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें मौलिक सोच विकसित करने और रचनात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर स्कूल के महाप्रबंधक श्री सोमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा उनमें वैज्ञानिक जिज्ञासा जागृत करने के उद्देश्य से विज्ञान के रोचक प्रयोगों का प्रदर्शन किया। इन प्रयोगों ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा पैदा की। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के बच्चे कल के वैज्ञानिक बन सकते हैं। आज का युग विज्ञान का युग है। बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने और उनमें छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए छोटे-छोटे प्रयास किए जा सकते हैं। ऐसे छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़े कदम बनते हैं और मंजिल तक पहुंचने में सहायक होते हैं।

सभी अभिभावकों ने भी प्रदर्शनी की सराहना की तथा अपने बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। अभिभावकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर कुछ नया और रचनात्मक करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

इस अवसर पर स्कूल के महाप्रबंधक श्री सोमेश शर्मा, प्रधानाचार्या सुश्री साक्षी शर्मा, स्कूल समन्वयक श्री सुरेंद्र रात्रा तथा श्री रजनीश राय जादा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और नए विचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।