ऊना, 20 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- जिला ऊना की सभी ग्राम पंचायतों में 21 नवंबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत आयोजित इन ग्राम सभाओं में युवाओं को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर चर्चा की जाएगी।

विशेष ग्राम सभाओं में तंबाकू, गुटखा, बीड़ी सहित अन्य नशीले पदार्थों के सेवन और उनके दुष्प्रभावों पर चर्चा होगी। इनके इस्तेमाल और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पंचायत स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही पंचायतों के सभी राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने और उन्हें तंबाकू मुक्त गांव घोषित करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठकों में शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध के नियमों की पालना सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी।

उल्लेखनीय है कि ऊना जिले में अब तक 112 गांव तंबाकू मुक्त घोषित किए जा चुके हैं। विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से इस अभियान को और गति देने तथा शेष गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

उपायुक्त जतिन लाल ने खंड विकास अधिकारियों, पंचायत सचिवों और पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पंचायत सचिवों को तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों के तहत किए गए चालान और कार्रवाई का ब्योरा ग्राम सभा में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं। इसकी रिपोर्ट जिला पंचायत अधिकारी को भेजने को कहा गया है।