ऊना, 21 नवंबर:- तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत शनिवार को जिला ऊना की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। इनमें तंबाकू, गुटखा और बीड़ी के सेवन से होने वाले नुकसान, इनकी बिक्री पर नियंत्रण और गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के उपायों पर चर्चा की गई।
ग्राम सभाओं में सभी राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियमों की पालना सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जिले में जागरूकता के साथ नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों के 100 गज के दायरे को तंबाकू मुक्त रखने, वहां सूचना पट्ट लगाने तथा इस दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वाली दुकानों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला और ब्लॉक स्तर के फ्लाइंग स्क्वॉड विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। उन्होंने पंचायतों से अपने सभी राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तीसरे चरण में 112 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करने के साथ ऊना जिला प्रदेशभर में प्रथम स्थान पर रहा था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और सांस संबंधी कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। युवाओं को इसकी लत से बचाने के लिए उन्हें तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने पंचायतों से गांवों में जागरूकता गतिविधियां चलाने और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत अधिकारी श्रवण डोगरा ने कहा कि ग्राम सभाओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर तंबाकू नियंत्रण नियमों की पालना की समीक्षा और लोगों को जागरूक करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सभी पंचायतों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
