साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 13 नवंबर:- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत पात्र मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूचियों में आवश्यक संशोधन के लिए 22 नवंबर 2026 और 6 दिसंबर 2026 को विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
यह जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर श्री आदित्य डच्चलवाल ने बताया कि ये शिविर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगाए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक चुनाव संबंधी सेवाएं प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि इन शिविरों के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकेंगे, पहले से दर्ज विवरण में संशोधन करवा सकेंगे और अन्य चुनाव संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होना सुनिश्चित करें।
इससे पहले, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि इस अभियान के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो चुकी है और यह 11 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने के योग्य युवाओं और उन नागरिकों से, जो 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि के अनुसार 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर लेंगे, आगे आकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकती हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर-6 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपने नाम और अन्य विवरणों की शुद्धता जांचने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की छूटी हुई जानकारी या दोहराई गई प्रविष्टि की जांच करने की भी अपील की।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती गीतिका सिंह, एसडीएम खरड़ श्री गुरमीत सिंह, एसडीएम डेराबस्सी श्री अमित गुप्ता, तहसीलदार जिला चुनाव कार्यालय हरप्रीत कौर के अलावा सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एआरओ) भी उपस्थित थे।
