लहरागागा, 9 नवंबर:- विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने विधानसभा हलका लहरा के गांव घोड़ेणाब, रोड़ेवाला, रायधरणा और मंडवी तथा लहरा मंडी में आयोजित समारोहों में शिरकत की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और समारोहों में उपस्थित लोगों को विश्वकर्मा दिवस की बधाई दी।

समारोहों के दौरान श्री गोयल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को शिल्पकला, निर्माण और रचनात्मक कौशल के प्रतीक के रूप में सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा दिवस हमें शारीरिक श्रम का सम्मान करने और अपना काम लगन, ईमानदारी तथा जिम्मेदारी से करने की प्रेरणा देता है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कृषि उपकरण बनाने और उनकी मरम्मत करने से लेकर घरों के निर्माण और औद्योगिक मशीनरी के रखरखाव तक कुशल कारीगरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि इन कारीगरों की मेहनत पंजाब की आर्थिक तरक्की का महत्वपूर्ण आधार है। अनुभवी कारीगरों से सीखे गए पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर युवा अपने लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।

श्री गोयल ने विश्वकर्मा दिवस के समारोह आयोजित करने वाले प्रबंधकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे समारोह नई पीढ़ी को स्थानीय कारीगरों के काम और समाज में उनके योगदान से परिचित करवाने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों तथा शहरों के लोग उपस्थित थे।