वाघा/श्री अमृतसर/लाहौर, 22 नवंबर (आर. सिंह):- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के नेतृत्व में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश गुरुपर्व मनाने के लिए सिख श्रद्धालुओं का जत्था आज पाकिस्तान पहुंचा। इस अवसर पर पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एवं पंजाब सरकार के मंत्री सरदार रमेश सिंह अरोड़ा, औकाफ बोर्ड के चेयरमैन कमर-उज़-ज़मान और बोर्ड के सचिव नासिर मुस्ताक ने सिख जत्थे का स्वागत किया।

स्वागत समारोह के दौरान पश्चिमी पंजाब की धरती पर मीडिया को संबोधित करते हुए जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का जन्म इसी पवित्र धरती पर हुआ था। उन्होंने संपूर्ण मानवता को प्रेम, मानवता और सभी के भीतर एक परमात्मा की ज्योति देखने का संदेश दिया। गुरु साहिब ने लंबे समय तक ननकाना साहिब और गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में समय बिताया। उन्होंने कहा कि यह इतिहास की अटल सच्चाई है कि मेहनतकश लोगों को सम्मान देते हुए जब गुरु साहिब अपनी पहली उदासी पर निकले, तो सबसे पहले भाई लालो जी के घर गए, जो आज भी सैदपुर, एमनाबाद में मौजूद है।

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि वे पूर्वी पंजाब से प्रेम और शांति का संदेश लेकर आए हैं। आज सुबह सचखंड श्री दरबार साहिब से जत्थे की रवानगी से पहले भी यही अरदास की गई थी कि पूरे क्षेत्र में हमेशा शांति बनी रहे, आपसी भाईचारा बढ़े और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान किया जाए। उन्होंने कहा कि पश्चिमी पंजाब की धरती के साथ सिखों का बहुत गहरा संबंध है। हर सिख यहां आना चाहता है, क्योंकि यहीं से सिखी की शुरुआत हुई और यहां सिख गुरुओं से संबंधित अनेक ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं।

जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि पंजाबी दोनों ओर की साझा मातृभाषा है और पूर्वी तथा पश्चिमी पंजाब, दोनों जगह इसका विकास होना चाहिए। पंजाबी बोलने में किसी को शर्म महसूस नहीं करनी चाहिए, क्योंकि यह करोड़ों लोगों की भाषा है और इसे गर्व से बोलना चाहिए। उन्होंने पंजाबी भाषा के प्रचार-प्रसार और इसकी उन्नति के लिए काम करने वाले सभी लोगों की चढ़दी कला के लिए अरदास की।

उन्होंने कहा कि सिखी ने हमेशा प्रेम का संदेश दिया है। सिखी की मूल शिक्षा है कि हम एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें, आपसी आदर बनाए रखें और एक-दूसरे की तरक्की के लिए अपना योगदान अवश्य दें।

श्री करतारपुर साहिब गलियारा खोलने की सिख संगत की मांग के संबंध में जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि आज सुबह जत्थे की रवानगी के समय उन्होंने इस प्रेम के गलियारे को जल्द खोलने के लिए भी अरदास की थी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारत सरकार के साथ बातचीत की जा रही है और उम्मीद है कि जल्द ही गलियारा खोल दिया जाएगा।

उन्होंने पाकिस्तान की पंजाब सरकार की इस बात के लिए सराहना की कि लंबे समय से बंद पड़े कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों की सेवा-संभाल और मरम्मत के बाद उन्हें दोबारा खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पश्चिमी पंजाब सरकार से लाहौर स्थित दीवानखाने को भी सरकार की घोषणा के अनुसार खोलने की जोरदार मांग की।

उन्होंने कहा कि 27 नवंबर को लाहौर के निकट स्थित छठे पातशाह जी से संबंधित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खारा साहिब को संरक्षण और सेवा-संभाल का कार्य पूरा होने के बाद दोबारा खोला जा रहा है। यह कार्य एक विरासत संरक्षण संस्था द्वारा किया गया है, जिसने गुरुद्वारा साहिब की प्राचीनता को बरकरार रखते हुए समस्त कार्य पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारों और सिख इतिहास से संबंधित इमारतों को संरक्षित करने का काम शुरू हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि इन विरासतों को गिराकर दोबारा बनाने के बजाय संरक्षित किया जाना चाहिए। इसके लिए पुरानी निर्माण तकनीक के अनुरूप सामग्री तैयार करके संरक्षण का कार्य किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सरकारों को सिखों के लिए गुरुधामों के दर्शन हेतु मौके पर ही वीजा जारी करने की सुविधा देनी चाहिए। श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश गुरुपर्व और श्री गुरु नानक देव जी के ज्योति जोत दिवस पर भी सिख जत्थों को प्रोटोकॉल के तहत पाकिस्तान जाकर दर्शन करने की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने अरदास की कि पाकिस्तान के लोगों के दिलों में सिखों के प्रति जो प्रेम है, वह हमेशा बना रहे।

उन्होंने पूरे खालसा पंथ से अपील की कि श्री ननकाना साहिब, जो श्री गुरु नानक देव जी की जन्मस्थली है, वहां नियमित रूप से दर्शन करने अवश्य जाएं। उन्होंने जत्थे के लिए पुख्ता प्रबंध करने पर भारत और पाकिस्तान, दोनों देशों की सरकारों का धन्यवाद किया।