संतोखगढ़/ऊना, 13 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- गो रक्षणी सभा संतोखगढ़ की ओर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वीरवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में सभा के चेयरमैन शादी लाल शर्मा एवं अध्यक्ष शेखर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संतोखगढ़ में 17 नवंबर से 24 नवंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्री गीता मातेश्वरी श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का अमृत रसपान करवाएंगी।
उन्होंने बताया कि कथा का शुभारंभ 17 नवंबर को दोपहर 3 बजे गीता भवन मंदिर, संतोखगढ़ से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आगामी सात दिनों तक कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, धर्म, सदाचार तथा जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर गो रक्षणी सभा के पदाधिकारियों ने गोपालक मंदिर के निर्माण के लिए भी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण केवल एक धार्मिक कार्य ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था एवं सामाजिक एकता से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। सभी श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें, ताकि सामूहिक सहयोग से मंदिर निर्माण का सपना साकार हो सके।
चेयरमैन शादी लाल शर्मा एवं अध्यक्ष शेखर शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में परिवार सहित पहुंचकर कथा श्रवण करें तथा धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
इस अवसर पर सभा के महासचिव जगमोहन वालिया, शशि चब्बा, चरण दास महाजन, राममूर्ति सैनी, डॉ. गुलशन शर्मा, बलराम चब्बा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
