हांसी (दिनकर गावड़ी):- जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। बाबा बंदा बहादुर कॉलोनी, वार्ड नंबर 20 के निवासियों ने पक्की गली बनवाने की मांग रखी। गांव मिलकपुर निवासी सूरजभान ने खसरा नंबर में रकबा दुरुस्त करवाने, दयाल सिंह कॉलोनी, हांसी के एक निवासी ने सड़क की मरम्मत करवाने तथा गांव सिसाय बोलान निवासी सुरेंद्र ने अपने प्लॉट से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। इसी प्रकार गांव मय्यड़ निवासी सत्यवान ने बिजली बिल ठीक करवाने, गांव डाटा निवासी धर्मपाल ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय दुरुस्त करवाने तथा गांव उमरा निवासी साधुराम ने अपनी पत्नी दर्शना की वृद्धावस्था पेंशन बनवाने से संबंधित शिकायत दी।

एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रत्येक मामले में निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘प्रशासन से परिचय’ अभियान के तहत गायत्री विद्या मंदिर, हांसी की छात्राएं लता, कुसुम, छावी, मेघा और भावना ने समाधान शिविर में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नागरिकों की शिकायतें प्राप्त करने, उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान की प्रशासनिक प्रक्रिया को समझा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था एवं जनसमस्याओं के समाधान की कार्यप्रणाली से परिचित करवाना है।

समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, बिजली निगम के एसडीओ प्रमोद कुमार, एमिनेंट पर्सन ओमपाल यादव, वजीर सिंह, श्याम खांडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।