रतिया, 9 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- रतिया अनाज मंडी में धान खरीद कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने तथा किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके मद्देनजर एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में चल रही धान खरीद प्रक्रिया, खरीद एजेंसियों की कार्यप्रणाली तथा खरीदे गए धान की लिफ्टिंग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों से खरीद कार्य की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि मंडी में खरीदे जा चुके धान का उठान तेज गति से सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडी में फसल के ढेर अधिक समय तक जमा न रहें। उन्होंने कहा कि धान की खरीद के साथ-साथ उसकी लिफ्टिंग भी निर्धारित समय पर होना जरूरी है। इससे मंडी में जगह उपलब्ध रहेगी और किसानों को अपनी फसल लेकर आने में सुविधा होगी। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने तथा उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि धान खरीद सीजन के दौरान किसानों की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए खरीद एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। खरीद कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करें।

उन्होंने मंडी में खरीद एवं उठान कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित एजेंसियां खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।