संगरूर, 9 नवंबर:- पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के कृषि विज्ञान केंद्र, संगरूर द्वारा चलाई जा रही ‘खेत बचाओ मुहिम’ के तहत जिले में गेहूं की फसल के लिए यूरिया खाद के संभावित विकल्प के रूप में ग्रीन अमोनिया का परीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह जानना है कि ग्रीन अमोनिया गेहूं की फसल को नाइट्रोजन उपलब्ध करवाने में कितनी प्रभावी है और इसके उपयोग का फसल की वृद्धि तथा पैदावार पर क्या प्रभाव पड़ता है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पीएयू-कृषि विज्ञान केंद्र, संगरूर के प्रभारी डॉ. मनदीप सिंह ने बताया कि यह मूल्यांकन केवल खेत स्तर पर परीक्षण (ऑन-फार्म टेस्टिंग या ओएफटी) तक सीमित है। यह परीक्षण भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (अटारी), जोन-1, लुधियाना और पीएयू-कृषि विज्ञान केंद्र, संगरूर के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है।
डॉ. मनदीप सिंह ने कहा कि किसी भी सिफारिश पर विचार करने से पहले खेतों की वास्तविक परिस्थितियों में उसकी उपयोगिता का वैज्ञानिक मूल्यांकन करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना की ओर से गेहूं की फसल में ग्रीन अमोनिया के उपयोग के लिए अभी तक कोई सिफारिश जारी नहीं की गई है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खेत स्तर पर किए जा रहे परीक्षण के आधार पर ग्रीन अमोनिया को यूरिया का अनुशंसित विकल्प न समझें। किसान गेहूं में नाइट्रोजन प्रबंधन के लिए पंजाब कृषि विश्वविद्यालय की मौजूदा सिफारिशों का ही पालन करें।
