होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- गढ़शंकर। रोटरी आई बैंक एंड कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सोसाइटी की गढ़शंकर इकाई का गठन सोसाइटी के अध्यक्ष जे.बी. बहल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में संस्था के सेवा कार्यों की समीक्षा करने के साथ नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।
इस अवसर पर स्टेट कमेटी सदस्य एवं चेयरमैन बॉडी डोनेशन कमेटी डॉ. तरसेम सिंह, महासचिव प्रो. दलजीत सिंह, प्रो. संजीव शर्मा और कृष्ण किशोर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि सोसाइटी अब तक 4,185 लोगों का कॉर्निया प्रत्यारोपण करवाने में सहयोग कर चुकी है, जिससे दृष्टिहीनता से जूझ रहे लोगों को नई रोशनी मिली है। इसके अलावा संस्था की ओर से मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान के लिए अब तक 34 पार्थिव देह विभिन्न मेडिकल कॉलेजों को दान की जा चुकी हैं।
सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी
नई कार्यकारिणी में डॉ. लखविंदर कुमार को प्रधान, संदीप कुमार को उपाध्यक्ष, हरि कृष्ण गंगड़ को महासचिव, ओंकार सिंह चाहलपुरी को वरिष्ठ सचिव, भूपिंदर सिंह को सचिव, जोगिंदर सिंह को संयुक्त सचिव, राजन सल्लन (विक्की) को कैशियर, अजायब सिंह बोपाराय को प्रेस सचिव और रमनदीप सिंह को संयुक्त प्रेस सचिव नियुक्त किया गया। वहीं डॉ. दलजीत सिंह को मोटिवेटर एवं सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अंत में डॉ. तरसेम सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नेत्रदान और देहदान जैसे कार्य मानवता की सच्ची सेवा हैं। उन्होंने नई टीम से इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और लोगों को नेत्रदान व देहदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
