होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- नगर निगम होशियारपुर के कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह बैस ने नगर निगम की सीमा में रहने वाले सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना की ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्धारित समय के भीतर अपने परिवार तथा व्यक्तिगत विवरण सही ढंग से दर्ज करवाएं।
उन्होंने बताया कि आम जनता के लिए ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शुरू की गई है। इस प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in अथवा मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग करके अपने परिवार और घर से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं।
नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य शहर की बेहतर योजना बनाने और नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध करवाने के लिए सही एवं संपूर्ण आंकड़े एकत्रित करना है। ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले नागरिक अपने घर के मूल विवरण, पहचान पत्र तथा परिवार के सदस्यों की आवश्यक जानकारी तैयार रखें। फॉर्म सफलतापूर्वक जमा करने के बाद प्राप्त स्व-गणना रेफरेंस आईडी अथवा रसीद को संभालकर रखें, ताकि आगामी चरण में घर-घर सत्यापन के लिए आने वाले गणनाकार को यह दिखाया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों को ऑनलाइन प्रक्रिया में तकनीकी परेशानी आती है या जिनके पास इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनकी सहायता के लिए नगर निगम कार्यालय में विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है। यहां कार्यदिवसों के दौरान निःशुल्क मार्गदर्शन एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने आगे बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकार घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे और आवश्यक विवरण एकत्रित करेंगे।
प्रीतिंदर सिंह बैस ने सभी शहरवासियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करें और समय रहते अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करें।
