ऊना, 20 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ऊना की बैठक 2 दिसंबर को परिवहन निदेशक कार्यालय, शिमला में आयोजित की जाएगी। बैठक में विचार के लिए रखे जाने वाले मामलों से संबंधित वाहन स्वामियों और आवेदकों को अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित 26 नवंबर तक जमा करवाने होंगे।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ऊना समीर दत्ता ने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों तथा अधूरे आवेदन पत्रों एवं दस्तावेजों को बैठक में विचार के लिए शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित आवेदकों से समय रहते आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बस परमिट और अन्य परमिटों के हस्तांतरण से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों यानी क्रेता और विक्रेता का क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य होगा। दोनों पक्षों की अनुपस्थिति में संबंधित मामले पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।
समीर दत्ता ने बताया कि नए प्रकाशित स्टेज कैरिज बस परमिट के लिए प्राप्त आवेदनों के ड्रॉ ऑफ लॉट्स के दौरान आवेदक अथवा उसके द्वारा अधिकृत या नामित व्यक्ति उपस्थित रह सकता है। यदि आवेदक या उसका प्रतिनिधि उपस्थित नहीं होता है, तब भी उसका आवेदन ड्रॉ ऑफ लॉट्स में शामिल किया जाएगा।
