नवांशहर/काठगढ़, 22 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):- कांग्रेस पार्टी द्वारा युवा वर्ग को संगठनात्मक ढांचे में और मजबूत भूमिका देने के उद्देश्य से रवि कुमार काठगढ़ को बलाचौर ब्लॉक यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से क्षेत्र में युवा संगठन को नई दिशा देने और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और तेज करने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय मंगूपुर ने कहा कि रवि कुमार को बलाचौर ब्लॉक यूथ कांग्रेस की अध्यक्षता सौंपना पार्टी में युवाओं की सक्रिय भूमिका को और मजबूती देने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी संगठन की ताकत और भविष्य होते हैं। उनकी ऊर्जा, सोच और लोगों से जुड़ने की क्षमता पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रवि कुमार काठगढ़ युवाओं को एकजुट करते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष रवि कुमार ने यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और जिला अध्यक्ष अजय मंगूपुर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह सौंपी गई जिम्मेदारी पूरी लगन, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को साथ लेकर यूथ कांग्रेस की गतिविधियां गांव-गांव तक पहुंचाई जाएंगी और युवा वर्ग के मुद्दों को उठाने के साथ-साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।