हरोली/ऊना, 23 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय, हरोली में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) द्वारा भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के सहयोग से वित्तीय साक्षरता विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 21 नवंबर और 23 नवंबर 2026 को महाविद्यालय परिसर में आयोजित की गई।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक श्री नागेश कुमार ने विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन, बचत, सुरक्षित निवेश और शेयर बाजार की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक वित्तीय प्रणाली की समझ विकसित करने तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इस प्रकार के ज्ञानवर्धक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए किताबी ज्ञान के साथ-साथ वित्तीय साक्षरता होना भी अत्यंत आवश्यक है।
इस दो दिवसीय कार्यशाला का सफल समन्वय महाविद्यालय के करियर काउंसलिंग सेल की संयोजक प्रो. कल्पना शर्मा और प्रो. ज्योति शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक मंडल ने मुख्य वक्ता, प्राचार्य, सह-प्रोफेसर कैप्टन सोनिका सैनी तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
