पटियाला (मनप्रीत सिंह):- प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व पटियाला रोज गार्डन में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसायटी, पटियाला के आमंत्रण पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसमें संगत ने वाहेगुरु का जाप किया और शब्द कीर्तन में भाग लिया। अरदास के उपरांत कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद दूध, चॉकलेट के लड्डू, बिस्कुट, पैटीज और दूध का लंगर भी बरताया गया।
इस अवसर पर सुबह सैर करने वालों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत एकत्रित हुई और वाहेगुरु का जाप किया।
सोसायटी के अध्यक्ष उपकार सिंह ने सभी को प्रकाश पर्व की बधाई दी और लोगों से सिख गुरुओं द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें “किरत करो, नाम जपो, वंड छको” के सिद्धांत को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से दो पौधे लगाने, नशे का त्याग करने, पटियाला को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने तथा पर्यावरण को शुद्ध रखने का भी आह्वान किया।
अंत में सभी का धन्यवाद किया गया।
