मनीला/फिलीपींस:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वह 23वें आसियान-भारत सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशिया और पूर्वी एशिया के देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना तथा क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करना है। प्रधानमंत्री मंगलवार को 23वें आसियान-भारत सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वह फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर वहां पहुंचे हैं।

सोमवार को मनीला के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं और महासागर (MAHASAGAR) दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महासागर का अर्थ है क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए आपसी एवं समग्र प्रगति। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक तथा समावेशी प्रगति को बढ़ावा देना है। यह भारत का व्यापक वैश्विक समुद्री दृष्टिकोण है।

1967 में स्थापित आसियान को क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली संगठनों में से एक माना जाता है। इसके 11 सदस्य देशों में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके संवाद भागीदार हैं।

मोदी ने कहा कि पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे पर भाग लेने वाले नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और रक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का प्रमुख मंच है। वर्ष 2005 में अपनी शुरुआत के बाद से इसने पूर्वी एशिया के रणनीतिक, भू-राजनीतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आसियान सदस्य देशों के अलावा पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस भी शामिल हैं।