एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 9 अक्तूबर 2026:- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के मद्देनजर राज्य की सभी मंडियों में धान की खरीद के पुख्ता प्रबंध किए हैं, ताकि किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को फसल की खरीद के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंडियों में किसानों की सुविधा और खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ये विचार पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने आज खरीद कार्यों की समीक्षा करने के बाद व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर, केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पंजाब के गोदामों में रखे अनाज को बाहर नहीं निकाले जाने के कारण नई फसल के भंडारण में समस्याएं पैदा हो सकती हैं। धान खरीद सीजन के दौरान बड़ी मात्रा में फसल मंडियों में पहुंचती है। खरीद के बाद उसके रखरखाव और भंडारण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। यदि गोदामों में पहले से रखा अनाज नहीं उठाया गया, तो नई फसल के भंडारण से जुड़ी चुनौतियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पंजाब के गोदामों में रखा अनाज जल्द से जल्द उठाया जाए।
बरसट ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के किसानों की फसल की खरीद सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और मंडियों में खरीद कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार तक राज्य की मंडियों में 14.86 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी थी, जिसमें से 13.90 लाख मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी थी। इसमें से 13.70 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई थी। इसके तहत पनग्रेन ने 5,61,824 मीट्रिक टन, एफसीआई ने 1,542 मीट्रिक टन, मार्कफेड ने 3,94,764 मीट्रिक टन, पनसप ने 2,49,075 मीट्रिक टन और पंजाब राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 1,63,013 मीट्रिक टन धान खरीदा है। कुल 2.37 लाख मीट्रिक टन धान का उठान हो चुका है। पिछले गुरुवार को 2,78,291 मीट्रिक टन धान मंडियों में पहुंचा था, जबकि 2,76,234 मीट्रिक टन की खरीद की गई थी।
उन्होंने बताया कि पंजाब में 1,886 मंडियां अधिसूचित की गई हैं। इनमें सफाई, बिजली, पीने के पानी, शौचालयों, छाया और बैठने आदि के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। किसानों, आढ़तियों, मजदूरों सहित किसी को भी परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही फसल की आवक को देखते हुए 93 अस्थायी खरीद केंद्र भी बनाए गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि पंजाब मंडी बोर्ड के मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। किसान अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए टेलीफोन नंबर 0172-5101649 और 0172-5101704 पर संपर्क कर सकते हैं।
