इस्लामाबाद/पाकिस्तान:- पाकिस्तान के दक्षिणी प्रांत सिंध में एक एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की घटना सामने आई है। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह धमाका थारपारकर जिले के नगरपारकर शहर में एक एंबुलेंस के अंदर हुआ। शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि घायलों को प्राथमिक चिकित्सा सहायता देने के बाद कराची भेज दिया गया, जबकि मृतकों के शवों को पहचान के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, धमाके के समय एंबुलेंस एक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) में खड़ी थी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से सबूत जुटाने और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए मीरपुरखास और कराची से विशेषज्ञ टीमों को बुलाया गया है।