हरोली/ऊना, 17 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एक दिवसीय स्वच्छता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके साथ ही परिसर में लगे पेड़-पौधों को पानी भी दिया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की तथा कूड़े-कचरे का उचित निपटान कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वयंसेवियों को स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने एनएसएस स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

एनएसएस प्रभारी डॉ. शकुंतला राणा ने बताया कि यूनिट के सभी 100 स्वयंसेवियों को महाविद्यालय परिसर में लगे एक-एक पौधे को गोद दिया गया है, ताकि वे उनकी उचित देखभाल कर सकें।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में श्रमदान, सामाजिक सेवा और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। शिविर में एनएसएस सहायक राजकुमार ने भी अपना सहयोग प्रदान किया।