करनाल, 23 नवंबर (प्रवीण वालिया):- करनाल जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को बच्चों के साथ यौन शोषण और अन्य प्रकार के उत्पीड़न से संबंधित मामलों में पूरी संवेदनशीलता, गंभीरता और तत्परता से कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के साथ यौन शोषण एक गंभीर और दंडनीय अपराध है तथा ऐसे मामलों में पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई में देरी करना, शिकायत को हल्के में लेना अथवा किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी ने कहा कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराधों का उनके मानसिक और भावनात्मक जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। इसलिए ऐसे मामलों में पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित बच्चे को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना, उसका विश्वास बनाए रखना और उसे न्याय दिलाना भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई बच्चा या उसके परिजन यौन शोषण अथवा किसी अन्य प्रकार के उत्पीड़न की शिकायत लेकर थाने पहुंचते हैं तो तुरंत संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पीड़ित बच्चे और उसके परिवार के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से बार-बार थाने के चक्कर न कटवाए जाएं और न ही किसी प्रकार का दबाव बनाकर शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर किया जाए।
एसपी करनाल ने थाना प्रभारियों को दिए विशेष दिशा-निर्देश:
शिकायत पर तत्काल कार्रवाई: बच्चों के यौन शोषण एवं उत्पीड़न से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी अनावश्यक देरी के कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई: मामले की प्रकृति एवं तथ्यों के अनुसार पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत नियमानुसार मामला दर्ज कर निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए।
बाल-अनुकूल प्रक्रिया अपनाएं: पीड़ित बच्चे से पूछताछ के दौरान उसकी उम्र, मानसिक स्थिति और भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। पूछताछ की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे बच्चे को किसी प्रकार का मानसिक दबाव या परेशानी न हो।
पहचान पूरी तरह गोपनीय रखें: पीड़ित बच्चे का नाम, फोटो, पता, स्कूल अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक न होने दी जाए। उसकी निजता और गरिमा की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
साक्ष्यों का संरक्षण: मामले से संबंधित सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों और तथ्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा जांच में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पीड़ित परिवार को सहयोग: पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों को आवश्यक सहायता, सुरक्षा तथा संबंधित विभागों की मदद उपलब्ध करवाने के लिए उचित समन्वय स्थापित किया जाए।
जांच की नियमित समीक्षा: प्रत्येक मामले की जांच निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए तथा आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता: एसपी करन गोयल
पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराधों को रोकने और ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए करनाल पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित बच्चे और उसके परिवार का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। पुलिसकर्मी शिकायतकर्ता के साथ ऐसा व्यवहार करें जिससे पीड़ित परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और बिना किसी भय अथवा दबाव के अपनी शिकायत दर्ज करवा सके।
एसपी करनाल ने दोहराया कि बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों से जुड़े मामलों में पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक देरी या गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
