हरोली/ऊना, 7 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली की NCC इकाई द्वारा एक विशेष वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘ग्रीन इंडिया क्लीन इंडिया’ पहल के तहत आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के 40 NCC कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार और NCC अधिकारी अशीष कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मदद करता है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करता है। NCC अधिकारी अशीष कुमार ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी का पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देश के हरित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कैडेटों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें बड़ा करने की जिम्मेदारी भी सौंपी। इस अवसर पर कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेने के साथ हुआ।